रायसेन5 घंटे पहले
सांची विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल 74 लाख की कुल संपत्ति औरि भाजपा के डॉ प्रभुराम चौधरी साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति के मलिक हैं। मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल ने नामांकन फार्म जमा कराया। दोपहर 12.45 बजे वे एसडीएम कार्यालय परिसर में पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज खान भी नामांकन जमा कराने अंदर गए। सबसे पहले प्रवेश द्वार पर दोनों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद वे नामांकन फार्म लेकर हेल्प डेस्क पर पहुंचे। डेस्क पर माैजूद कर्मचारियों ने उनसे फार्म के सभी पेज पर दस्तखत करवाए। दस्तखत करने के दौरान चौधरी का पेन बंद हो गया तो उन्होंने वहां तैनात कर्मचारी के पेन लेकर हस्ताक्षर किए। उनके फाॅर्म में कई काॅलम भी खाली छूटे हुए थे, जो हेल्पडेस्क के कर्मचारियों द्वारा बताने पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज खान द्वारा भरे गए। इसके बाद वे आरओ के पास नामांकन जमा करने पहुंचे। जाति प्रमाण की प्रति न होने पर मदन चौधरी कार्यालय से बाहर आए, फिर प्रति लेकर अंदर पहुंचे। सभी औपचारिकताएं पूरा करने में करीब 1.30 घंटे का समय लग गया। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी कमलसिंह ने भी अपना नामांकन पत्र जमा किया।
भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुराम चाैधरी: दो साल में बढ़ी 40 लाख रुपए आय
पिछले विधानसभा चुनाव 2017-18 मे डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक उनकी संपत्ति 3 करोड़ 50 लाख रुपए की थी। जमा पूंजी 2 करोड़ 29 लााख 30 हजार 733 रुपए थी। एक दिन पहले सोमवार को सांची विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुराम चौधरी ने अपना नामांकन पत्र जमा कराया है। उसमें दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक उनकी चल-अचल संपत्ति में कोई बदलाव नहीं है। हालांकि आय बढ़कर 2 करोड़ 70 लाख 4 हजार 733 रुपए हो गई है। इस तरह से उनकी आय दो सालों में करीब 40 लाख रुपए बढ़ी हैं। बैरसिया में उनका एक पेट्रोल पंप है। इसके अलावा बेगमगंज , बरखेड़ी, सुमेर, बसई मेें कृषि भूमि है। 13 हजार 939 वर्गफीट का एक फार्म हाउस भी है। रायसेन के मुखर्जी नगर में एक आवासीय मकान है। उनकी पत्नी डॉ नीरा चौधरी जेपी अस्पताल भोपाल में डॉक्टर हैं। स्वास्थ्य मंत्री और सांची विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के पास रिवाल्वर और एक बारह बोर बंदूक भी है ।
लखपती हैं कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल: 98 लाख की नगदी और संपत्ति
कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल चौधरी गैरतगंज तहसील की हरदौट गांव के रहने वाले हैं। उनका व्यावसाय कृषि, दुकान और ठेकेदारी है। उनके पास कुल 74 लाख रुपए की संपत्ति हैं। जबकि 24 लाख रुपए कीमत की जमीन, दुकान और घर हैं। चौधरी के हाथ में नगद 1 लाख 90 हजार 630 रुपए है। उनकी पत्नी के पास 50 हजार 560 रुपए नगद हैं, 5 तोला सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण हैं। मदन चौधरी के पास 4.85 एकड़ जमीन, एक दुकान 300 वर्ग फीट,और कृषि यंत्र उनके पास हैं। उनके ऊपर 13 लाख 42 हजार रुपए का कर्ज भी है। इनके अलावा एक बोलेरे जीप, टाटा इंडिगो कार भी कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी के पास है। उन्होंने अपने पास 1 लाख 90 हजार 630 रुपए नगद और पत्नी के पास 50 हजार 580 रुपए होना बताया है। कांग्रेस प्रत्याशी के पास कोई हथियार नहीं हैं।