मंगलवार को देश में रिकॉर्ड 20.08 लाख कोरोना टेस्ट किए गए। यह भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया में एक दिन में किए गए टेस्ट का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2.76 लाख नए केस सामने आए। वहीं, 3.68 लाख लोग ठीक भी हुए। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक लाख 27 हजार 109 की कमी हुई। पिछले दिनों 3,876 लोगों की मौत हुई है।
देशभर में बुधवार तक रिकॉर्ड 32 करोड़ से ज्यादा लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा चुकी है। वहीं, वैक्सीनेशन की बात करें तो 18.7 करोड़ वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लोगों को दी गई हैं।
इस बीच देश में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को रिकॉर्ड 4,525 लोगों की महामारी की वजह से जान गई। यह कोरोना से एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले मंगलवार को ही 4,334 मौतें हुई थीं।
मंगलवार को रिकॉर्ड 20.08 लाख टेस्ट
देश में कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पाने के लिए टेस्टिंग-ट्रेसिंग पर जोर दिया जा रहा है। इसी के मद्देनजर मंगलवार को देश में रिकॉर्ड 20 लाख 8 हजार 296 कोरोना टेस्ट किए गए। यह सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया में एक दिन में किए गए टेस्ट का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 11 मई को 19 लाख 83 हजार 804 टेस्ट किए गए थे। देशभर में टेस्टिंग का आंकड़ा 32 करोड़ को पार कर गया है।
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन 5 हजार से कम नए केस मिले, पॉजिटिविटी रेट भी 6% से नीचे आया
दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 3,846 नए केस मिले। ये 5 अप्रैल के बाद एक दिन में मिले नए संक्रमितों की सबसे कम संख्या है। इस दिन 3,548 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा दिल्ली में लगातार तीसरे दिन 5 हजार से कम नए केस मिले हैं। इस दौरान 235 मरीजों ने दम भी तोड़ दिया। 4 मई को सबसे ज्यादा 448 मौतें हुई थीं।
एक अच्छी खबर पॉजिटिविटी रेट का कम होना भी है। दिल्ली सरकार की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, यहां पॉजिटिविटी रेट गिरकर 5.78 % तक पहुंच गया है। यह 6 अप्रैल के बाद सबसे कम है। तब यह दर 4.9% थी। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में स्थिति में काफी सुधार हो रहा है, लेकिन हमारा लक्ष्य पॉजिटिविटी रेट 2% तक लाने का होना चाहिए। 22 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट सबसे ज्यादा 36.2% था।