जिला पंचायत रायसेन द्वारा समूचे जिले में सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए श्राद्ध पक्ष में अर्पण से तर्पण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जिलेभर में बुजुर्गों की याद में जरूरतमंदों की मदद करने और रायसेन के वृद्धाश्रम का जनसहयोग से कायाकल्प करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान शनिवार को रायसेन के वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में यहां रहने वाले बुजुर्गों के लिए उनकी दैनिक जरूरत की कुछ सामग्री की एक किट बनाकर उन्हें सौंपी गई। इसी तरह जिलेभर में आम लोगों द्वारा दान करके अर्पण से तर्पण कार्यक्रम पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है।
यहां आम नागरिकों से भी वृद्धाश्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए सामग्री तथा आर्थिक सहयोग करने की अपील के साथ-साथ अपने आसपास रह रहे बुजुर्गों की जरूरतों को पूरा करने ओर उन्हें खुश रखने के लिए जिला पंचायत सीईओ द्वारा अपील की गई है।
रायसेन जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी वृद्धाश्रम का प्रशासनिक अधिकारियों और जनसहयोग से कायाकल्प हो गया है। वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों को घर जैसा परिवेश मिल रहा है। साथ ही वृद्धाश्रम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है तथा वृद्धजनों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
वृद्धजनों के लिए एक्यूप्रेशर गार्डन के निर्माण के साथ ही उनके मनोरंजन का भी ध्यान रखा जाता है। वृद्धाश्रम के सर्वसुविधा युक्त हो जाने के कारण आईएसओ टीम के निरीक्षण करने के बाद संस्था को आईएसओ प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है।
अर्पण से तर्पण अभियान से वृद्धाश्रम के कायाकल्प के लिए जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों और जनसहयोग से लगभग 10 लाख रुपए की सहयोग राशि दान स्वरूप मिली। वृद्धाश्रम में विद्युत के लिए 6 किलो वॉट का सोलर ऊर्जा पैनल लगाया गया है। साथ ही वृद्धजनों के लिए गार्डन, घूमने के लिए पथ निर्माण, भोजन के लिए डायनिंग डेबल, कमरों में टाइल्स सहित अन्य कार्य कराया गया है।