पांच दिनी दीपोत्सव पर्व धनतेरस के साथ ही प्रारंभ हो गया है। मंगलवार को धनतेरस पर्व पर बाजार में खूब धन वर्षा। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर दिन भर खरीददारों की भीड़ लगी रही।
इतना ही नहीं ऑटो मोबाइल सेक्टर भी गुलजार नजर आया। कोरोना संक्रमण के डेढ़ साल बाजार बाजार में रौनक लौटी है। उसी का परिणाम है कि जिले भर में 125 ट्रैक्टर, 200 बाइक और 40 कारे बिकी है।
इस तरह जिले भर में 25 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। धनतेरस पर हुई जोरदार बिक्री ने व्यापारियों के चेहरे पर रौनक लौटा दी है। अब वे दीपावली पर्व पर भी ऐसी ही खरीददारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पिछले साल कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन की पाबंदियों के चलते त्योहार की चमक जितनी फीकी रही थी।
इस बार दीपावली की रौनक उससे कई गुना ज्यादा लोगों में देखी जा रही है।सरकारी से लेकर प्राइवेट नौकरियां करने वालों को वेतन के साथ बोनस भी मिला है। दूसरी तरफ किसानों ने भी त्योहार पर खरीददारी के अनुरूप उपज बेची थी।
सभी के पास पैसा आने से वे धनतेरस पर्व पर उस राशि से खरीददारी करने के लिए उमड़ पड़े। बाजार में दुकानों पर इतनी ज्यादा भीड़ थी कि व्यापारियों को पानी पीने तक की फुरसत नहीं मिल पा रही थी
धनतेरस पर लौटी रौनक... व्यापारियों को अब दीपावली के दिन भी ऐसे ही कारोबार की उम्मीद
ऑटोमाेबाइलः 125 टैक्टर और 40 कारों की बिक्री हुईं
ऑटोबाइल संघ के अध्यक्ष राजेंद्र दुबे ने बताया कि कोराना संक्रमण के डेढ़ साल बाद बाजार में अब जाकर उठाव आया है। रायसेन शहर में डेढ़ करोड़ रुपए के 25 ट्रैक्टर बिके हैं, जबकि जिले भर में 125 से ज्यादा ट्रैक्टर करीब साढ़े सात करोड़ रुपए के ट्रैक्टर बिके है, जबकि जिले में दो करोड़ से अधिक की 40 कारे भी बिकी है।
सराफा बाजारः मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के खूब बिके
धनतेरस पर्व पर सराफा बाजार में अच्छी खासी रौनक देखी गई। जिले भर में 90 से अधिक ज्वेलरी दुकानों पर करीब चार करोड से अधिक का कारोबार हुआ है। अलंकार ज्लेवर्स के संचालक चंद्रमोहन गोयल और अंशुल गोयल ने बताया कि धनतेरस पर मंगलसूत्र, झुमकी, फैंसी ज्वेलरी व चांदी के सिक्के ज्यादा बिके।
इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और बर्तन के क्षेत्र में उम्मीद से अधिक कारोबार हुआ
इलेक्ट्रॉनिक : बाजार में भी रौनक लौट आई । यहां पर दिन भर लोग टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन समेत होम अप्लायंसेस के तमाम आयटम खरीदते दिखाई दिए। इलेक्ट्रॉनिक दुकान के विक्रेता मुकेश जैन ने बताया कि इस बार एलईडी और मोबाइल ज्यादा बिकी है। जिले भर में 5 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है, जो पिछले साल से बहुत ज्यादा है।
बर्तनः जिले करीब 30 लाख के बर्तन भी बिके शहर के साथ ही जिले भर की बर्तन दुकानों पर दोपहर बाद लोग बर्तन खरीदने के लिए उमड़ पड़े, क्योंकि धनतेरस पर्व पर बर्तन खरीदना काफी शुभ माना जाता है। जो लोग सोने चांदी के जेवर नहीं खरीद सकते हैं, वे बर्तन खरीदकर ही धनतेरस पर्व मनाते हैं । बर्तन व्यापार संघ के अध्यक्ष अरविंद ताम्रकार ने बताया कि शहर में ही करीब 30 लाख से अधिक के बर्तन बिके है, जबकि जिले भर में यह आंकड़ा डेढ़ करोड़ से ज्यादा हो सकता है।
कपड़ाः इस बार कपड़ा कारोबारियों का व्यापार भी अच्छा हुआ है। विशेषकर रेडीमेड गारमेंट में काफी ग्राहकी हुई है। व्यापारियों के अनुसार इस बार अच्छा व्यापार हो रहा है। दीपावली पर्व पर भी ऐसा ही व्यापार की उम्मीद बनी हुई है।