हादसा:तेज गति ट्रैक्टरों ने दो गायों को रौंदा, लोगों में आक्रोश
रायसेन6 घंटे पहले
मुख्यालय स्थित भोपाल सागर सड़क मार्ग पर बस स्टैंड के नजदीक एवं धनगवां रोड पर मंगलवार की देर शाम अंधी रफ्तार से दौड़ रहे दो ट्रैक्टरों ने दो गायों को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं से स्थानीय गौ सेवकों में आक्रोश देखा गया। घटनाओं की सूचना पुलिस को भी दी गई है। जानकारी के अनुसार दो अलग अलग घटनाओं में दो ट्रैक्टरों ने दो गायों को टक्कर मार दी। बस स्टैंड के पास सड़क मार्ग पर अस्पताल के सामने आ रहे एक अंधी रफ्तार ट्रैक्टर ने गाय को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक अंधी रफ्तार से ट्रैक्टर चला रहा था। नगर के गौ सेवक एवं अन्य लोग इस घटना के बाद मौके पर एकत्र हो गए तथा गाय का उपचार का प्रयास किया किन्तु उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना धनगवां रोड पर हुई, जिसमें में लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाते हुए एक गाय को टक्कर मार दी गई जिसमें गाय की दर्दनाक मौत हो गई।