भ्रष्टाचार:15 साल राज करने वाली भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा दिया: जीतू पटवारी
रायसेन3 घंटे पहले
मध्यप्रदेश में 15 साल राज करने वाली भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा दिया। प्रदेश की जनता से झूठी घोषणाएं करके धोखा किया। पिछले चुनाव में जब कमलनाथ सरकार ने प्रदेश के विकास के रथ को तेजी से आगे बढ़ाया तो भाजपा ने भारत के लोकतंत्र को कुचलकर कांग्रेस के गददार 22 विधायकों को करोड़ों रुपए देकर खरीदकर सरकार बना ली। इस तरह भाजपा ने मतदाताओं के जनाधार के साथ खिलवाड़ किया। यह बात पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने सांची विधानसभा के गढ़ी गांव में आयोजित कांग्रेस की चुनावी सभा में कही। कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल चौधरी के समर्थन जीतू पटवारी ने कहा कि आगामी उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मतदाताओं का समर्थन मिलता देखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुरी तरह डर गए हैं जिसका असर सांची विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के लगातार दाैरों से नजर आ रहा है।
प्रभुराम ने किया धोखा, चुनाव में सबक सिखाओ: चौधरी
कार्यक्रम में विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रभुराम चौधरी जैसे बिकाऊराम एवं मिलावटराम ने करोड़ों रुपए लेकर जनता के साथ धोखा किया है। इसलिए अब जनता को आगामी उपचुनावों में उनके सबक सिखाएगी। कार्यक्रम को कांग्रेस प्रत्याशी मदनलाल चौधरी, सांची विधानसभा प्रभारी सुखदेव पांसे, उदयपुरा विधायक देवेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष देवेंद्र पटेल सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी संबोधित किया।