सांची विधानसभा:कांग्रेस प्रत्याशी के गांव में भाजपा की सभा, सीएम ने कहा- पार्टी हमारी मां, इसके साथ गद्दारी पाप है
रायसेन3 घंटे पहले
सांची विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के गृह ग्राम हरदाैट में भाजपा ने बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का अयाेजन किया। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं काे संबाेधित किया। सीएम की माैजूदगी में हुई इस सभा को कांग्रेस प्रत्याशी को उसके गांव से ही घेरना माना जा रहा है। इस तरह बूथ स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और प्रत्येक मतदाता का वोट भाजपा के पक्ष में डलवाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं से कहा कि यह परीक्षा की घड़ी है। मुख्यमंत्री ने कमलनाथ सरकार के समय भारी भ्रष्टाचार हाेने का आराेप लगाया। इस दाैरान सांसद रमाकांत भार्गव, सांसद संपतिया उइके, सांची विस क्षेत्र के चुनाव प्रभारी रामपाल सिंह, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश किरार, प्रदेश मंत्री रघुनाथ भाटी, केजी पाठक, सीहोर जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दांगी, जोधा सिंह अटवाल, मंडल अध्यक्ष डिम्पल पटेल थे।
डॉ. प्रभुराम हम सब के भरोसे ही भाजपा में आए
सभा में सीएम चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में हम सब कार्यकर्ता वर्षों से काम कर रहे हैं और भाजपा में काम करने के कारण ही हमें मान सम्मान मिला है। डाॅ प्रभुराम चौधरी हम सब कार्यकर्ताओं के भरोसे भाजपा में आए हैं। मैंने और प्रदेशाध्यक्ष ने उन्हे विश्वास दिलाया है कि आप सब कार्यकर्ता उनका साथ देंगें।