शुभ संकेत:धान से आएगा धन बासमती की 6 से 10 हजार क्विंटल आवक
रायसेन3 घंटे पहले
शहर की मंडी में इन दिनों धान की इतनी ज्यादा आवक हो रही है कि मंडी के बाहर का परिसर भी फुल हो गया और धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियाें की सड़कों पर कतारें लग गईं। दीपावली के पहले व्यापार के लिए शुभ संकेत हैं। शहर का बाजार कृषि उत्पादन पर ही आधारित है। जब किसान के पास उपज बेचने से रुपए आते हैं ताे बाजार में उठाव आता है। इन दिनों स्थानीय कृषि उपज मंडी में 6 से 10 हजार क्विंटल तक धान की आवक हो रही है। बुधवार को भी 550 ट्रॉली उपज आई। चावल कंपनी दावत, टीएसएस, सनातन, सागर सहित मंडी के अनाज व्यापारियों के खरीद करने से इन दिनों भोपाल, विदिशा जिले से भी खूब आवक हो रही है। वहीं धान के भाव भी 2200 से 2600 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। उपज बेचने किसान रात से ही धान लेकर पहुंच जाते हैं और रात ट्रॉली पर ही गुजारते हैं।
मंडी में धान की आवक (क्विंटल में)
कब धान
19 अक्टूबर 10985
20 अक्टूबर 8471
21 अक्टूबर 5039
22 अक्टूबर 5682
23 अक्टूबर 8371
27 अक्टूबर 6638
28 अक्टूबर 7200