सांची विधानसभा उप चुनाव के लिए 3 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए चुनाव प्रचार का शाेर रविवार शाम छह बजे से थम गया है। अब किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में सभा, रैली आदि नहीं हाे सकेगी। इसलिए प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर दस्तक देकर समर्थन मांगेंगे। वहीं प्रशासन भी चुनाव कराने के लिए 2 नवंबर यानी आज मतदान सामग्री उपलब्ध कराकर मतदान दलाें काे निर्धारित केंद्र पर रवाना करेगा। शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज मे मतदान सामग्री वितरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस बार काेराेना से बचाव के साथ उपचुनाव कराना भी चुनाैती से कम नहीं है। इसलिए हर स्तर पर संक्रमण से बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व के चुनावाें में मतदान दलाें को अलग-अगल टेबल पर जाकर कतार में लगकर सामग्री लेनी पड़ती थी। इस बार सभी 365 मतदान केंद्रों के लिए अलग-अलग और दूर-दूर 365 टेबल लगाई गई हैं। हर टेबल पर केंद्र क्रमांक चस्पा है। मतदान दलों के कर्मचारियों को अपने नंबर वाले टेबल पर जाकर बैठना है। इसी टेबल पर उन्हें मतदान सामग्री मिलेगी।
2500 कर्मचारी और 2000 सुरक्षाकर्मी रहेंगे
विस क्षेत्र के सभी 365 मतदान केन्द्रों पर दो हजार मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक मतदान केन्द्र में एक-एक पी-1, पी-2, पी-3, पी-0, एक सुरक्षा कर्मी, एक आशा या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा एक बूथ लेवल ऑफिसर इस प्रकार कुल सात कर्मचारी मतदान कराएंगे। मतदान केंद्रों पर 2500 से अधिक कर्मचारी तैनात रहेंगे। दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
365 मतदान केन्द्रों पर होगा मतदान
सांची विधानसभा क्षेत्र के कुल 365 मतदान केन्द्रों पर 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान प्रक्रिया कराई जाएगी। इनमें 326 मूल मतदान केन्द्र और 39 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। क्षेत्र में 88 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं।
दो मतदान केंद्रों पर ट्रैक्टर-ट्राॅली से भेजी जाएगी मतदान सामग्री
मतदान दलों को रवाना करने के लिए 106 बसों की व्यवस्था की गई है। विधानसभा में 51 सेक्टर के लिए 102 जीप उपलब्ध कराई गईं हैं। इतना ही नहीं दो मतदान केंद्रों पर मतदान सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर-ट्राॅली उपलब्ध कराई जाएंगी। इनसे महुआखेड़ी बहोडी और काली टोर में सामग्री पहुंचाई जाएगी। इन केंद्रों पर करीब एक-एक किमी की दूरी ट्रैक्टर-ट्राॅलियां से तय की जाएगी।
कोविड से बचाव की यह सामग्री भेजी केंद्रोंं पर
थर्मल स्कैनर 497
फेस शील्ड 2455
डस्टबिन 365
सैनिटाइजर 1010 लीटर
पीपीई किट 2192
थ्री लेयर मास्क 178000 दस्ताने 178000
एन 95 मास्क 33000
रबर ग्लब्स 20300
51 सेक्टर प्रभारियों के जरिए भेजी बचाव सामग्री
रविवार को कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने मतदान सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी देखीं। वहीं 51 सेक्टर प्रभारियों को कोविड से बचाव में काम आने वाली सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। यह सामग्री रविवार को ही सभी मतदान केंद्रों पर पहुंचा दी गई। निर्वाचन आयोग के मुताबिक मतदान केन्द्रों पर कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए सभी तैयारियां की गई है। कलेक्टर भार्गव ने मतदान केंद्र में तैनात रहने वाले कर्मचारियों के लिए पानी की बोतलें और अल्पाहार सामग्री रविवार को ही मतदान केंद्रों पर भिजवा दी है।
2 लाख 41 हजार 861 मतदाता डालेंगे वोट
सांची विस क्षेत्र में 2 लाख 41 हजार 861 मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 28 हजार 836 पुरुष मतदाता, 1 लाख 13 हजार 15 महिला मतदाता और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं।