शुक्रवार को होने वाली खरीदी के लिए ग्राहकों व व्यापारियों में उत्साह
धनतेरस की खरीदी के लिए बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। शुक्रवार को होने वाली खरीदी के लिए एक दिन पहले से ही ग्राहकों और व्यापारियों में उत्साह दिखाई दे रहा था। विदिशा में धनतेरस पर रियल एस्टेट, सराफा बाजार, आटोमोबाइल सेक्टर और इलेक्ट्रानिक्स आइटम में करीब 5 करोड़ रुपए तक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। कई लोगों ने वाहनों, भूखंडों और मकानों की एडवांस बुकिंग भी करवा ली है। धनतेरस पर सामान की डिलेवरी ली जाएगी। दूसरी ओर व्यापारियों ने भी ग्राहकों की पसंद के आयटमों का पहले से ही स्टाक कर रखा है। पंडित गिरधर शास्त्री ने बताया कि इस दिन अमृत कलश लेकर भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे।
गुरुवार चांदी के सिक्के एवं वाहन, बर्तन आदि खरीदने के शुभ मुहूर्त
सुबह 6.31 बजे से सुबह 8 बजे तक शुभ का चौघड़िया
दोपहर 12.02 बजे से दोपहर 1.30 तक लाभ का चौघड़िया
सायं 4.30 बजे से सायं 5.26 तक शुभ का चौघड़िया
सायं 5.04 बजे से सायं 5.50 तक गोधूलि की अमृत बेला
सायं 5.30 बजे से शाम 7 तक अमृत का चौघड़िया
भूखंडों-मकानों की कराई एडवांस बुकिंग: विदिशा में भूखंड और मकान खरीदने के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग करा रखी है। शहर में करीब 6 प्रमुख कॉलोनाइजर हैं। पूरे रियल एस्टेट में करोड़ों का व्यवसाय होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में नरेश बिल्ड एंड होम के संचालक मयंक जैन, वेस्टर्न पार्क कॉलोनाइजर आशीष जोशी एवं मान्या रेसिडेंसी के डायरेक्टर हेमंत पचौरी ने बताया कि लोगों में मकान खरीदी को लेकर अच्छा उत्साह है।
इस दिन पीतल और चांदी के बर्तन खरीदने की है परंपरा
पंडित गिरधर शास्त्री के अनुसार इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा को अवश्य निभाना चाहिए। विशेषकर पीतल और चांदी के बर्तन खरीदें, क्योंकि पीतल भगवान धनवंतरी की अहम धातु है। इससे घर में अरोग्य, सौभाग्य और स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति होती है। व्यापारी इस विशेष दिन में नए बही खाते खरीदते हैं, जिनका पूजन वे दीपावली तक करते हैं